इंद्रावती पोस्ट

बस्तर पुलिस क्रिकेट लीग का शुभारंभ प्रतियोगिता में 7 जिलों की पुलिस टीम शामिल

9 अक्टूबर 2026 3 दिन पहले

कोंडागांव: पुलिस लाइन मैदान में गूंजा क्रिकेट का रोमांच, 7 जिलों की पुलिस टीमें आमने-सामने

बस्तर पुलिस क्रिकेट लीग का शुभारंभ प्रतियोगिता में 7 जिलों की पुलिस टीम शामिल

कोण्डागांव इंद्रावती पोस्ट : कोण्डागांव जिला मुख्यालय के चिखलपुटी स्थित पुलिस लाइन मैदान में बस्तर पुलिस क्रिकेट लीग (BPCL) के भव्य रात्रिकालीन (नाइट) क्रिकेट टूर्नामेंट का रंगारंग शुभारंभ हुआ। 'सेवन डिस्ट्रिक्ट्स – वन FORCE, वन स्पिरिट' (Seven Districts – One Force, One Spirit) की थीम पर आयोजित इस प्रतियोगिता में बस्तर संभाग के सातों जिलों की पुलिस टीमें अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करने मैदान में उतरी हैं।

​मुख्य अतिथियों की उपस्थिति में हुआ शुभारंभ

प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन मुख्य अतिथि प्रदेश के वन मंत्री केदार कश्यप, कोण्डागांव विधायक लता उसेंडी, डीआईजी कमलोचन कश्यप एवं पुलिस अधीक्षक (SP) पंकज चंद्रा की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और टॉस कराकर पहला मुकाबला शुरू करवाया।

​अनुशासन और खेल भावना का संदेश

उद्घाटन अवसर पर संबोधन में अतिथियों ने कहा कि दिन-रात ड्यूटी के भारी दबाव में रहने वाले पुलिसकर्मियों के लिए इस तरह के खेल आयोजन बेहद जरूरी हैं। यह प्रतियोगिता न केवल बस्तर संभाग के सातों जिलों की पुलिस टीमों के बीच बेहतर समन्वय और आपसी भाईचारा बढ़ाएगी, बल्कि खेल भावना और शारीरिक फिटनेस को भी मजबूत करेगी।

​दूधिया रोशनी से नहाया पुलिस लाइन मैदान

रात्रिकालीन मैच के लिए चिखलपुटी पुलिस लाइन मैदान को विशेष रूप से सजाया गया था। दूधिया रोशनी से जगमगाते मैदान में जैसे ही टीमों ने मैदान पर कदम रखा, दर्शकों के उत्साह और तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा परिसर गूंज उठा।

​इस आयोजन को लेकर पुलिस महकमे के साथ-साथ स्थानीय खेल प्रेमियों में भी खासा उत्साह देखा जा रहा है।

साझा
लिखने वाले
Vijay Vijay

इनकी सारी खबरें

रोज़ सुबह, एक बार

खबर आप तक, बिना एल्गोरिदम के।

दिन में एक बार, सिर्फ़ वही जो बस्तर के लिए मायने रखता है। कभी भी छोड़ सकते हैं, और आपका पता किसी को नहीं जाता।

न स्पैम, न विज्ञापन। सिर्फ़ खबर।

आज सूची