कोण्डागांव इंद्रावती पोस्ट : बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष सुश्री लता उसेण्डी ने बुधवार को कोण्डागांव में विभिन्न विकास कार्यों भूमिपूजन किया। उन्होंने जिला अस्पताल चिखलपुटी में 15 लाख की लागत से बनने वाले शेड निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इसके बाद एनसीसी मैदान के समीप खिलाड़ियों की सुविधा के लिए टेबल टेनिस कोर्ट निर्माण कार्य का भी भूमिपूजन किया गया।
विधायक लता उसेण्डी ने कहा कि कोण्डागांव में खेल सुविधाओं के विस्तार के साथ अधोसंरचना विकास के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। टेबल टेनिस कोर्ट के निर्माण से जिले के खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रशिक्षण के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
विधायक ने कहा कि देश के खिलाड़ी एशियन गेम्स सहित विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन कर रहे हैं। कबड्डी और तीरंदाजी जैसे खेलों में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। उन्होंने जिले के खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कोण्डागांव का नाम रोशन करने की अपील की।
विधायक लता उसेण्डी ने विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता में सक्रिय सहभागिता की अपील की। उन्होंने 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत घरों में पौधे लगाने तथा सार्वजनिक स्थलों एवं भवनों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने का आह्वान किया।
नगर पालिका परिषद कोण्डागांव के अध्यक्ष नरपति पटेल ने कहा कि विधायक लता उसेण्डी के नेतृत्व में क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिली है। उन्होंने कहा कि खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में टेबल टेनिस कोर्ट का निर्माण महत्वपूर्ण पहल है।
कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने कहा कि टेबल टेनिस कोर्ट एवं भवन के निर्माण से जिले के खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रशिक्षण के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि कोण्डागांव खेल गतिविधियों के लिए एक बेहतर केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यहां से प्रतिभाशाली खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन करेंगे।