दंतेवाड़ा इंद्रावती पोस्ट : दंतेवाड़ा जिले में सुरक्षा बलों का एंटी नक्सल ऑपरेशन के दौरान बड़ी सफलता मिली है। जवानों ने सर्चिंग ऑपरेशन के दौरान बारसूर के जंगल से नक्सलियों द्वारा डंप किया गया हथियार व विस्फोटक का जखीरा बरामद किया है। जानकारी के मुताबिक बारसूर क्षेत्र के जंगल में फोर्स ने सर्चिंग अभियान चलाकर नक्सलियों के छिपाए गए हथियारों और विस्फोटक सामग्री को बरामद किया है। बरामद सामग्री में एके 47 व इंसास रायफल के अलावा बीजीएल लांचर, बड़ी संख्या में कारतूस, टिफिन बम, कुकर बम, डेटोनेटर से संबंधित सामग्री, वॉकी-टॉकी सेट और नक्सली वर्दी सहित अन्य सामग्री शामिल हैं। दंतेवाड़ा के जंगलों से नक्सल डंप बरामदगी समर्पित नक्सलियों की सूचना पर की गई। मामले की जानकारी देते हुए एसपी दंतेवाड़ा चंद्रमोहन सिंह ने बताया कि सरेंडर नक्सलियों की सूचना पर यह कार्रवाई की गई। 5 अक्टूबर को बारसूर थाना क्षेत्र के मंगनार, बुरदुम, तोड़मा एवं कोहकाबेड़ा के जंगल और पहाड़ी क्षेत्र में संयुक्त टीम ने अभियान शुरू किया। अभियान के दौरान 6 अक्टूबर की सुबह करीब 6.30 बजे पुलिस फोर्स को सफलता मिली। कोहकाबेड़ा एवं बुरदुम के बीच स्थित घने जंगल और पहाड़ी क्षेत्र में सर्चिंग कर रही संयुक्त टीम को नक्सलियों द्वारा जमीन के
बरामद हथियार में यह शामिल
संयुक्त सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के डंप से एके 47 व इंसास रायफल के अलावा बीजीएल लांचर, 315 बोर बंदूक, आधा दर्जन भरमार बंदूक बरामद की है। इसके अलावा 9 नग बीजीएल सेल, एके 47 के 23 राउंड सहित मैगजीन, पांच बीजीएल राउंड तथा एक इंसास मैगजीन भी बरामद की गई है। जवानों को बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री भी मिली है। इसमें 2 टिफिन बम, 8 कुकर बम, 2 तीर बम तथा लगभग 20 मीटर कॉर्डेक्स वायर पिस्टन रॉड स्प्रिंग 24 नग, लाल-काले रंग का लगभग 20 मीटर वायर तथा मल्टीमीटर भी बरामद किया गया है। बरामदगी में 20 वॉकी-टॉकी सेट भी मिले हैं जो नक्सलियों के आपसी संचार में उपयोग किए जाने की आशंका है। इसके साथ ही दो जोड़ी नक्सली वर्दी, एक इनवर्टर, दो कार इनवर्टर सहित अन्य उपकरण भी बरामद किए गए हैं।
जारी है सर्चिंग अभियान-एसपी
एसपी चंद्रमोहन सिंह ने बताया कि नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत पुलिस फोर्स काम कर रही है और लगातार सर्चिंग ऑपरेशन चलाकर नक्सलियों के डंप को बरामद किया जा रहा है। नक्सलियों द्वारा जंगलों और दुर्गम क्षेत्रों में छिपाकर रखे गए हथियार, गोला-बारूद, विस्फोटक एवं अन्य सामग्री लगातार मिल रहे हैं। आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिली महत्वपूर्ण सूचनाओं को अभियान में शामिल करते हुए सुरक्षा बल संवेदनशील और दुर्गम क्षेत्रों में लगातार सर्चिंग कर रहे हैं। इसी कार्रवाई के दौरान बारसूर क्षेत्र में यह बड़ी बरामदगी हुई है। सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम द्वारा बरामदगी के बाद आसपास के जंगल और पहाड़ी क्षेत्रों में भी सघन सर्चिंग की जा रही है।