बस्तर में लगातार बारिश से बनी बाढ़ की स्थिति के बीच एनएमडीसी ने राहत एवं बचाव कार्यों के लिए बड़ी मदद की है। छत्तीसगढ़ शासन के अनुरोध पर एनएमडीसी ने महज 48 घंटे में पुणे से चार रेस्क्यू स्पीड बोट मंगाकर जिला प्रशासन को उपलब्ध कराईं। प्रत्येक बोट में करीब 8 से 10 लोगों के बैठने की क्षमता है।
बुधवार को नगरनार ग्राम पंचायत भवन में आयोजित कार्यक्रम में सांसद बस्तर महेश कश्यप की उपस्थिति में एनएमडीसी ने चारों बोट बस्तर कलेक्टर आकाश छिकारा को सौंप दीं।
सांसद महेश कश्यप ने एनएमडीसी की त्वरित पहल की सराहना करते हुए कहा कि बाढ़ की गंभीर स्थिति में अतिरिक्त रेस्क्यू संसाधनों की आवश्यकता थी। वहीं कलेक्टर आकाश छिकारा ने प्रशासन को सहयोग देने के लिए एनएमडीसी का आभार जताया।
इन रेस्क्यू बोट के माध्यम से नगरनार, भेजापदर, करनपुर, उपनपाल सहित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने, चिकित्सा सहायता पहुंचाने और राहत सामग्री पहुंचाने में मदद मिलेगी।
एनएमडीसी के अधिकारियों ने संकट की स्थिति में स्थानीय प्रशासन और प्रभावित लोगों को हरसंभव सहयोग जारी रखने की बात कही।