कोंटा (इंद्रावती पोस्ट ) : सामाजिक जिम्मेदारी और मानव सेवा के उद्देश्य से आयोजित इस कैंप में सीआरपीएफ की विभिन्न वाहिनी (बटालियन) के अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों और जवानों सहित लगभग 66 लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और स्वेच्छा से ब्लड डोनेट किया।
यह कार्यक्रम सीआरपीएफ महानिदेशक तथा पश्चिमी सेक्टर सीआरपीएफ के आईजी वीरेंद्र अग्रवाल के दिशा-निर्देशों के तहत आयोजित हुआ। शिविर को सफल बनाने में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोंटा की मेडिकल टीम का अहम योगदान रहा। आयोजन के दौरान 219वीं बटालियन के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी.के. टोपो और डॉ. एम. सुप्रिया ने अपनी टीम के साथ सभी रक्तदाताओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया, उन्हें सुरक्षित रक्तदान संबंधी जानकारी दी और स्वास्थ्य मानकों के अनुसार रक्त एकत्रित किया।
इस मौके पर डीआईजी राजेश पांडे ने रक्तदान को जीवन बचाने वाला एक अत्यंत पावन और सराहनीय कार्य बताया। उन्होंने कहा कि सीआरपीएफ देश की आंतरिक सुरक्षा संभालने के साथ-साथ हमेशा जनसेवा और मानवता के कल्याण कार्यों में भी आगे रहती है। कार्यक्रम के अंत में रक्तदान करने वाले सभी जवानों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया और उनका आभार व्यक्त किया गया।
प्रमुख अधिकारियों की उपस्थिति:
यह आयोजन डीआईजी राजेश पांडे (कोटा रेंज, सीआरपीएफ) के मार्गदर्शन तथा 219वीं बटालियन के कमांडेंट पार्थ सारथी घोष के पर्यवेक्षण में संपन्न हुआ। इस दौरान 217वीं बटालियन के कमांडेंट विजय शंकर, 50वीं बटालियन के कमांडेंट प्रेमजीत कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी (50 बटालियन) डॉ. बी.के. टोपो, 228वीं बटालियन के कमांडेंट सुधीर कुमार चौहान, 218वीं बटालियन के कमांडेंट विश्वदीप सिंह सहित अन्य अधिकारी व जवान मौजूद रहे।