जगदलपुर। शिक्षक दिवस के मौके पर बस्तर संभाग में शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले शिक्षकों के सम्मान में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। जगदलपुर के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी टाउन हॉल में होने वाले ‘मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण समारोह’ में संभाग के सातों जिलों से चयनित 74 शिक्षकों एवं प्राचार्यों को सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम का आयोजन संयुक्त संचालक शिक्षा संभाग बस्तर, जिला प्रशासन और स्कूल शिक्षा विभाग के संयुक्त सहयोग से किया जा रहा है। समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्राचार्य, प्रधान पाठक और व्याख्याताओं को उनके कार्यों के लिए सम्मान प्रदान किया जाएगा।
समारोह में बस्तर सांसद महेश कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं जगदलपुर नगर निगम के महापौर संजय पाण्डे कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। इसके अलावा क्षेत्र के विधायक, जिला पंचायत एवं नगर निगम के पदाधिकारी तथा शिक्षा विभाग से जुड़े प्रतिनिधि भी समारोह में मौजूद रहेंगे।