जगदलपुर। बालिकाओं को शिक्षा से जोड़ने और विद्यालय तक उनकी नियमित पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संचालित सरस्वती सायकिल योजना के अंतर्गत हॉटगुडा संकुल के साथ-साथ परचनपाल एवं करमरी में अध्ययनरत बालिकाओं को निःशुल्क सायकिलों का वितरण किया गया। सायकिल मिलने से दूर-दराज क्षेत्रों से विद्यालय आने वाली छात्राओं को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ उनकी पढ़ाई की राह भी आसान होगी।
कार्यक्रम में अतिथियों का पारंपरिक तरीके से वाद्ययंत्रों की धुन, पुष्पवर्षा एवं तिलक लगाकर स्वागत किया गया। इसके बाद अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के तेलचित्र पर दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। अतिथियों ने छात्राओं को सायकिल वितरित करते हुए पुष्पवर्षा कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर सांसद महेश कश्यप ने कहा कि राज्य शासन की सरस्वती सायकिल योजना छात्राओं की शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि कई बालिकाएं दूर-दराज के क्षेत्रों से विद्यालय आती हैं, ऐसे में सायकिल मिलने से उनका आवागमन सुगम होगा और उन्हें प्रतिदिन समय पर विद्यालय पहुंचने में सुविधा मिलेगी। इससे बालिकाओं की शिक्षा के प्रति रुचि और नियमितता को भी बढ़ावा मिलेगा।
जनपद अध्यक्ष पदलाम नाग ने कहा कि बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के माध्यम से बेटियां आत्मनिर्भर बन सकती हैं और अपने सपनों को साकार कर परिवार एवं समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
कार्यक्रम के दौरान निःशुल्क सायकिल प्राप्त करने को लेकर छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला। सायकिल मिलने से छात्राओं के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई। जनप्रतिनिधियों एवं शिक्षकों ने छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए मन लगाकर पढ़ाई करने, नियमित रूप से विद्यालय आने और अपने निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
सरस्वती सायकिल योजना के माध्यम से बालिकाओं को शिक्षा के लिए आवश्यक सहयोग मिलने के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास को भी बढ़ावा मिल रहा है। योजना का उद्देश्य बालिकाओं की विद्यालय तक पहुंच को आसान बनाकर उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना और आगे बढ़ने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।